भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में दिल्ली की रहने वाली किशोरी को बंधक बनाकर देह व्यापार कराने के मामले में फरार आरोपियों की तलाश में दो टीमें गठित की गई हैं। गुरुवार को टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि चार आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के मीडिया सेल पर एक व्यक्ति ने बुधवार को ट्वीट किया था। जिसमें दिल्ली की रहने वाली एक किशोरी को अतरौली थाना क्षेत्र के गांव में बंधक बनाकर देह व्यापार कराए जाने की बात का जिक्र था।
एसपी राजेश द्विवेदी ने संज्ञान में लेकर सीओ हरियावां को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम ने सिकरौली गांव के एक मकान में छापा डाला था। जहां बंधक बनाकर रखी गई किशोरी को मुक्त कराया था।
इसके साथ ही जितेंद्र, मुन्ना, सोमिल समेत नौ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने जितेंद्र समेत तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
एसओ दीपक शुक्ला ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैैं। देर शाम एक और आरोपी सोमिल को गिरफ्तार कर लिया गया है।