हरदोई। सुरसा क्षेत्र में शौच को गए किसान की शारदा नहर में डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रतनापुर गांव निवासी राम प्रसाद (45) खेती करता था। उसके गांव के पास से शारदा नहर निकली है। परिजनों के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह वह शौच जाने की बात कहकर घर से निकला था।
नहर किनारे उसका पैर फिसलने से वह नहर में डूब गया। नहर के पास मौजूद लोगों ने उसे डूबता देख, बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से एक घंटे की मशक्कत कर शव पानी से बाहर निकाला।
मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटे और एक बेटी है। एसओ ओपी सिंह ने बताया कि पैर फिसलने से नहर में डूबने से मौत होने की बात सामने आई है।