बावन। कोतवाली लोनार क्षेत्र में जगदीशपुर मार्ग पर ई-रिक्शा सवार किसान की जेब काटकर 15 हजार रुपये बदमाशों ने पार कर दिए। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
पहेलिया निवासी किसान प्रकाश पाल ने बताया कि उसे गेहूं की बोआई करनी थी। रविवार शाम वह खाद-बीज खरीदने के लिए जगदीशपुर बाजार में मूंगफली बेचने आया था। मूंगफली बेचकर 15 हजार रुपये मिले, इन्हें जेब में रख लिए। वह गांव जाने के लिए ई-रिक्शा पर सवार हो गया। ई-रिक्शा में तीन महिलाएं व एक युवक बैठा था।
जगदीशपुर से आगे तेरिया गांव के पास सभी उतर गए। कुछ दूरी पर स्थित खाद-बीज की दुकान पर वह भी उतर गया। किराया देने के लिए उसने जेब में हाथ डाला, तो जेब कटी मिली। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर आ गए। कोतवाल विनोद यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।