शाहाबाद। कस्बे में एक क्लीनिक में भर्ती किशोर की बुधवार शाम तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टर ने उसे सीएचसी ले जाने की बात कही। परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे।
जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता ने क्लीनिक संचालक पर गलत इलाज करने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम ख्वाजगीपुर निवासी पूसे (17) के पेट में दर्द हो रहा था। बुधवार सुबह परिजनों ने उसे शाहाबाद कस्बा स्थित एक क्लीनिक में भर्ती कराया। पिता सियाराम के मुताबिक डॉक्टर ने टेबलेट और एक ड्रिप लगा दी।
कुछ ही देर में बेटे को खून की उल्टी आने के बाद तबीयत बिगड़ गई। यह देख डॉक्टर ने उसे सीएचसी लेकर जाने की सलाह दी। वह लोग बेटे को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता ने क्लीनिक के डॉक्टर पर गलत इलाज करने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। इधर क्लीनिक संचालक ने किसी प्रकार की दवा न देने की बात कही है। कोतवाल सुरेश मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।