हरदोई। 60 साल व इससे अधिक आयु वर्ग के 1,42,502 बुजुर्गों में 45,836 की पेंशन को विभाग ने रोक दी है। आधार प्रमाणीकरण और सत्यापन में यह बुजुर्ग अभी तक विभाग के पोर्टल पर सत्यापित नहीं हो पाए हैं।
सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत समाज कल्याण विभाग के माध्यम से पात्रता की श्रेणी में आने वाले बुजुर्गों को अब एक हजार रुपये मासिक पेंशन दी जा रही है। विभाग की ओर से वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभार्थियों के आधार प्रमाणीकरण को अनिवार्य कर दिया।
इसके साथ ही इनका सत्यापन कराया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती ने बताया कि 1,306 ग्राम पंचायतों के 1,36,843 बुजुर्ग और 13 नगरीय निकाय के 5,659 बुजुर्ग पेंशन के लिए पंजीकृत हैं।
सत्यापन में ग्रामीण क्षेत्र में 17,107 और नगरीय क्षेत्र में 1,290 बुजुर्ग मृतक मिले हैं। इन बुजुर्गों की पेंशन चालू वित्तीय वर्ष में जारी ही नहीं की गई। 5,507 पेंशनर्स का डाटा संदिग्ध की श्रेणी में है।
यह वह बुजुर्ग हैं, जिनके आधार, बैंक पासबुक और पेंशन के डाटा में नाम आदि के अक्षर मैच नहीं कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्र में 21,932 और नगरीय क्षेत्र में 789 पेंशनर्स के आधार प्रमाणीकरण शेष हैं।