बिलग्राम। क्षेत्र में बुखार का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। हालात ये हैं कि बुखार से पीड़ित दिवाली गांव के पूर्व प्रधान व नीची मंगरौली गांव के एक छात्र की बुधवार रात मौत हो गई। परिजनों ने गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
जिले में वायरल बुखार, डेंगू और मलेरिया लगातार पैर पसार रहे हैं। यह बुखार खतरनाक हो रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक की चपेट में आ रहे हैं। दिवाली गांव निवासी जलालुद्दीन (62) पूर्व प्रधान थे।
परिजनों के मुताबिक पिछले एक सप्ताह से उन्हें बुखार आ रहा था। परिजन लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे थे। जहां पर बुधवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
इधर नीची मंगरौली गांव निवासी गोविंद (14) कक्षा नौ का छात्र था। उसे एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। परिजन उसे हरदोई के एक अस्पताल लेकर गए थे। जहां पर डॉक्टर ने हालात नाजुक देख उसे लखनऊ रेफर कर दिया था। परिजन लखनऊ के एक अस्पताल में उसका इलाज करा रहे थे।
बुधवार शाम उसने दम तोड़ दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विनीत तिवारी ने बताया कि बुखार को लेकर समुचित व्यवस्थाएं हैं। सीएचसी में आने वाले मरीजों की जांच कर दवाएं उपलब्ध कराई जा रहीं हैं।