हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के डाभा गांव में किसान खेत पर संदिग्ध हालात में बेहोश पड़ा मिला। परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। यहां पर उसने दम तोड़ दिया। घटना के बारे में परिजन कुछ नहीं बोल रहे हैं। वहीं गांव में घरेलू कलह में जहर खाकर जान देने की चर्चा है।
गांव डाभा निवासी अशोक (35) खेती करता था। परिजनों के मुताबिक शनिवार शाम वह खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकला थे। देर शाम खेत की तरफ गए ग्रामीणों को वह बेहोशी हालत में पड़े मिले।
ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें एंबुलेंस से लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां पर देर रात उनकी तबीयत बिगड़ गई। जब तक परिजन डॉक्टर को बुलाकर लाए, उनकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने घटना की वजह की जानकारी न होने की बात कही है। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटियां हैं। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
बिलग्राम कोतवाल राजवीर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।