हरदोई। पाली थाना क्षेत्र के बैजूपुर गांव में बुधवार रात चोरों ने एक किसान के घर को अपना निशाना बनाया। चोर दीवार फांदकर घर में घुसे और कमरे का ताला तोड़ कर नकदी-जेवर ले गए।
बैजूपुर गांव निवासी भूरे लाल किसान है। उसके खेत में धान की फसल खड़ी है। बुधवार रात वह फसल की रखवाली करने गया। घर में पत्नी, छोटी बेटी के साथ सो रही थी। देर रात चोर दीवार फांदकर घर में पहुंचे। उन्होंने एक कमरे का ताला तोड़कर बक्से में रखे 45 हजार रुपये और 50 हजार रुपये कीमत के जेवर पार कर दिए।
सुबह जागने पर छोटी बिटिया को कमरे का ताला टूटा मिला। उसने कमरे में सामान बिखरा पड़ा देख घटना की जानकारी भूरे लाल को दी। पीड़ित ने थाने में चोरी की तहरीर दी। एसओ सुनील दत्त कौल ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।