हरदोई। दहेज में पांच लाख रुपये नकद और कार की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने महिला को घर से निकाल दिया। मायके लेकर आए पिता ने मझिला थाने में तहरीर दी। पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज की है।
मझिला थाना क्षेत्र के टुमुर्की गांव युसुफ खां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी बेटी सुगरा का निकाह दो वर्ष पूर्व लखीमपुर के मोहम्मदी थाने के सराय गांव निवासी शाकिब के साथ किया था।
निकाह में उसने सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था। इसके बाद भी ससुराली संतुष्ट नहीं थे। वह दहेज में पांच लाख रुपये नकद और कार की मांग कर बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे।
जब उसने दहेज देने मेें असमर्थता जताई, तो बेटी को घर में न रखने की धमकी दी। कुछ दिन पहले ससुरालियों ने बेटी को घर से निकाल दिया। सूचना पर वह बेटी को घर लेकर आया।
तब से बेटी मायके में ही रह रही है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मंगलवार की शाम पति शाकिब के अलावा ससुर हबीब, देवर आकिव, जेठ वाकिव, सास ताहिरा, जेठानी शाहिमा, शहनाज, ननद नाहिद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया। एसओ धर्मदास सिद्घार्थ ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।