पिहानी। इटारा स्थित उत्तर प्रदेश राज्य भंडारण निगम के गोदाम में गरीबों को दिए जाने के लिए रखे खाद्यान्न में 1 करोड़ 51 लाख 11 हजार 535 रुपये कीमत का गेहूं और चावल का गबन हो गया। मामले में प्रभारी क्षेत्रीय प्रबंधक ने कोतवाली में तहरीर देकर गोदाम प्रभारी व प्राविधिक अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस को दी गई तहरीर में राज्य भंडारण निगम के प्रभारी क्षेत्रीय प्रबंधक, लखनऊ सुभाष चंद्र ने कहा है कि भौतिक सत्यापन व निरीक्षण के बाद राज्य भंडारण निगम के गोदाम में भारतीय खाद्य निगम के रखे गए गेहूं के 1421 बोरे और चावल के 1129 बोरे कम पाए गए हैं। यह राशन कोटे के माध्यम से गरीबों को दिया जाना था।
इस मामले में कम मिले खाद्यान्न की कीमत 1,51,11,535 रुपये का गबन पाया गया। जांच में तत्कालीन प्राविधिक अधिकारी विनीत कुमार व गोदाम प्रभारी अनिल कुमार पर यह गबन करना पाया गया है।
जिसकी कटौती जांच के बाद भारतीय खाद्य निगम ने कर ली है। राज्य भंडारण निगम के उच्चाधिकारियों के निर्देश दोनों कर्मियों पर एफआईआर के आदेश हुए हैं। इन दोनों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।