पाली। मुकदमा वापस न लेने से नाराज विपक्षियों ने सोमवार की शाम घात लगाकर मोबाइल दुकानदार व उसके भाई को पीट दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव बाबर पुर निवासी आशीष (26) की पाली कस्बे में बैरियर चौराहे पर मोबाइल बिक्री करने की दुकान है। गांव निवासी कुलदीप, नितिन से उसका भूमि संबंधी मुकदमा चल रहा था।
आशीष ने बताया कि सोमवार शाम वह दुकान बंद करके भाई अखिलेश (24) के साथ बाइक से घर आ रहा था। आरोप है कि रास्ते में बाबरपुर मोड़ के पास कुलदीप, नितिन, शिवम और सांडी खेड़ा निवासी जितेंद्र ने उसे रोक लिया। उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने लगे।
जब उसके मुकदमा वापस लेने से मना कर दिया, तो उन लोगों ने लाठी-डंडों से उनकी पिटाई कर दी। ग्रामीणों को आता देख हमलावर मौके से भाग गए। एसओ सुनील दत्त कौल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर घायलों का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।