पिहानी। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी के शादी से इन्कार करने से आहत युवती ने रविवार रात कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमी समेत तीन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
एक गांव निवासी 18 वर्षीय युवती रविवार रात कमरे में दुपट्टे से फंदा बनाकर पंखे से लटक गई। कमरे के अंदर गई मां ने शव लटका देखा, तो उसकी चीख निकल गई। चीख सुनकर घर के अन्य लोग कमरे में पहुंचे।
परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मृतका की मां ने बताया कि गांव निवासी प्रत्यूष से उनकी बेटी का कई वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शादी का झांसा देकर प्रत्यूष बेटी के साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
बेटी ने जब शादी करने की बात कही, तो उसने शादी करने से इन्कार कर दिया। इस कारण बेटी तनाव में रहती थी। तनाव के चलते उसने फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को मृतका के कमरे से सुुसाइड नोट मिला।
जिसमें प्रेमी प्रत्यूष को मौत का जिम्मेदार युवती ने ठहराया है। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमी प्रत्यूष, उसकी मां राजकुमारी, भाई आशीष के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल वेनी माधव त्रिपाठी ने बताया कि सुसाइड नोट की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पहले जिस्म से खेला, जी भर गया तो छोड़ दिया
आत्महत्या करने से पहले युवती ने सुसाइड नोट लिखा था। इसमें युवती ने लाल रंग के पेन से लिखा है.. मेरी मौत का जिम्मेदार प्रत्यूष है... पहले उसने हमसे प्यार का नाटक किया, मेरे जिस्म के साथ खेला फिर दिल भर गया तो छोड़ दिया... आप लोग उसे छोड़ना मत प्लीज हम उसके बिना जी नहीं सकते मर तो सकते हैं। नीचे अंडर लाइन खींचकर दो जगह अंग्रेजी में आदर्श मौर्या...आदर्श मौर्या का उल्लेख किया है।