हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के दलेलपुर गांव में रविवार शाम हैंडपंप में आ रहे करंट की चपेट में आकर किशोर की मौत हो गई। परिजन उसे सीएचसी लेकर गए। जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से घर में कोहराम मच गया।
गांव दलेलपुर निवासी अंकित (15) रविवार शाम बकरी चराकर घर आया था। उसके घर में लगे हैंडपंप में पानी की मोटर लगी है। वह हाथ धोने के लिए हैंडपंप चला रहा था।
इस दौरान हैंडपंप में आ रहे करंट के कारण वह चिपक गया। उसकी चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और डंडा मारकर उसे अलग किया। इसके बाद उसे लेकर सीएचसी पहुंचे।
मृतक के पिता बाबूराम ने बताया कि हैंडपंप में लगे मोटर का तार खुला था। इस कारण हैंडपंप में करंट आ रहा था। एसओ ओपी सिंह ने बताया कि सीएचसी प्रशासन की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।