हरदोई। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा के उद्देश्य से रोपित कराए गए पौधों का छह ब्लॉकों के बीडीओ हिसाब नहीं दे पा रहे हैं। हरितमा ऐप पर अभी भी शत-प्रतिशत रोपित पौधों की जियो टैगिंग नहीं हो पाई है। इसमें छह ब्लॉकों की स्थिति सबसे पिछड़ी हुई है।
जिले में पौधारोपण अभियान के तहत ग्राम्य विकास विभाग के माध्यम से 31 लाख 92 हजार 840 पौधे रोपित कराए गए हैं। इनका ब्लॉक वार आवंटन हुआ है और बीडीओ को पौधे रोपित कराते हुए वन विभाग की ओर से दिए गए हरितमा ऐप पर जियो टैग करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
19 ब्लॉकों की 4003 क्षेत्र के 25,76,731 पौधों की जियो टैग कराई जा सकी है। जबकि 5,41,166 पौधों का जियो टैग होना शेष है। हरितमा ऐप पर जियो टैग की प्रगति पर गौर करें तो, ब्लॉक सांडी में 35, हरपालपुर में 40, बिलग्राम में 56, भरखनी में 58.86, बावन में 64 और टड़ियावां में 64.46 प्रतिशत ही पौधों की जियो टैग हो पाई है।
वर्जन
मनरेगा के माध्यम से रोपित कराए गए पौधों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग कराई जानी है। अभी तक 83 प्रतिशत ही जियो टैग हो पाया है। सभी खंड विकास अधिकारियों से कहा गया है कि वह शेष पौधों का जियो टैग संबंधित कर्मचारियों के माध्यम से जल्द कराएं। - प्रमोद सिंह चंद्रौल, उपायुक्त श्रम रोजगार