हरदोई। ऑल इंडिया बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन के बैनर तले विभिन्न बैंकों के कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को भोजनावकाश में प्रस्तावित हड़ताल के समर्थन में प्रदर्शन किया।
शहर के रेलवेगंज स्थित सेंट्रल बैंक शाखा पर एकत्र हुए बैंक कर्मियों को यूनियन चेयरमैन आरके पांडेय ने संबोधित करते हुए कहा कि कई बैंकों का प्रबंधन मनमाना काम कर रहा है। इसके खिलाफ 19 नवंबर को देश व्यापी हड़ताल होने जा रही है। इस हड़ताल के सफल बनाने के लिए सभी लोग एकजुट रहें।
यूपीबीईयू के जिलामंत्री अजय मेहरोत्रा ने कहा है कि वर्तमान में बैंकिंग उद्योग में मनमाना राज है। कुछ बैंक प्रबंधन कर्मियों, उनकी नौकरियों और नौकरी की सुरक्षा तथा यूनियनों पर हमले कर रहे हैं। नई भर्तियों की जगह आउटसोर्सिंग से कर्मी रखे जा रहे हैं।
यूनियन उपाध्यक्ष वर्षा मेहरोत्रा ने कहा कि बैंक कर्मियों के एक स्थान से दूसरे स्थान पर अनुचित एवं अवैधानिक स्थानांतरण किए जा रहे हैं। आंदोलनों के दौरान बैंक कर्मियों को यूनियनों से अलग होने के लिये दबाव बनाया जाता है। ऐसे में बैंक प्रबंधनों के खिलाफ 19 नवंबर को देश भर में बैंक कर्मी हड़ताल करेंगे।
प्रदर्शनकारियों में प्रमुख रूप से कौशलेंद्र शुक्ला, अमित पांडेय, अनादि ब्रह्म, दीपक बाजपेई, रिषीपाल, मोहम्मद शाहिद, संदीप, अनिल कुमार, अर्चिता, मालती, सुशीला, गीता, राधेश्याम, अखिलेश सिंह, प्रकाश, दिनेश, आरके मिश्रा मौजूद रहे।