मल्लावां। नगर पालिका बोर्ड की बैठक में नगर की बदहाल सड़कों की मरम्मत का प्रस्ताव पारित हुआ। वहीं बोर्ड बैठक में कई सभासदों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सोमवार शाम को पालिका बोर्ड की बैठक बुलाई गई थी। जिसकी अध्यक्षता चेयरमैन अंकित जायसवाल को करनी थी लेकिन स्वास्थ्य खराब होने के चलते वह बैठक में नहीं पहुंच सके। इस कारण कार्यवाहक अध्यक्ष सभासद सगीर अंसारी को बनाया गया।
ईओ मुकेश निगम ने प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी। सभासद इंतिसार अंसारी ने प्रत्येक वार्ड में दो-दो सड़कें बनवाए जाने का प्रस्ताव रखा। सभासद प्रतिनिधि अनुराग मिश्र ने शीतल पेयजल व्यवस्था को लेकर फ्रीजर लगवाए जाने की बात रखी। ईओ ने प्रस्ताव लेते हुए आश्वासन दिया।
सभासद प्रतिनिधि जैद फारुखी ने पेयजल व्यवस्था को लेकर प्रत्येक वार्ड में दो-दो इंडिया मार्का हैंडपंप लगवाने का प्रस्ताव दिया। सभासदों की सहमति पर नगर के मुख्य मार्गों की मरम्मत के प्रस्ताव पर सभी सभासदों ने मुहर लगाई। मार्ग प्रकाश व्यवस्था को लेकर सभासदों ने स्ट्रीट लाइट लगवाने के प्रस्ताव दिए।
बैठक में जेई ब्रजेश कुमार, बाबू रामलखन, सभासद प्रतिनिधि हाजी इसहाक, सभासद गजेंद्र सिंह, परवेज खां, अशोक राठौर, दिनेश कश्यप, अरुण कुशवाहा, मारूफ अंसारी, कमलेश कुमार, तेज सिंह राठौर मौजूद रहे।