बिलग्राम। कस्बे में बुखार बेकाबू हो रहा है। दो दिन पहले बुखार से पत्नी और बेटी की मौत के बाद अब पति भी बुखार की चपेट में आ गया है। परिजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया।
मंगलवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मोहल्ले में आकर लोगों की जांच की। टीम को एक किशोर और बुखार से पीड़ित मिला है। टीम ने दोनों की जांच के लिए रक्त के नमूने लिए हैं।
मोहल्ला गंगा धाम कालोनी निवासी दिनेश चंद्र की पत्नी शिल्पी और बेटी दीक्षा की दो दिन के अंतराल में बुखार से मौत हो चुकी है। पत्नी और बेटी की मौत के गम में डूबे दिनेश को भी बुखार ने अपनी चपेट में ले लिया।
सोमवार शाम उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के मुताबिक उसके गले में संक्रमण हो गया है। देर शाम उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां पर राहत मिलने पर रात में डॉक्टर ने उसे डिस्चार्ज कर दिया।
सुबह सीएचसी पहुंचकर फिर से दवा ली। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विनीत तिवारी ने बताया कि मां-बेटी की बुखार से मौत होने की सूचना पर मंगलवार को टीम भेजकर मोहल्ले में लोगों की जांच कराई गई है। जिसमें दिनेश चंद्र के अलावा दीपेंद्र (12 ) बुखार से पीड़ित मिला है। दोनों के नमूने लेकर जांच कराई जा रही है।