बेनीगंज। कोतवाली क्षेत्र में गिरधरपुर के पास बुधवार शाम बाबा के साथ साइकिल से जा रहा पौत्र नहर पुल पार करते समय संतुलन बिगड़ने से नहर में जा गिरा। पौत्र को बचाने के लिए बाबा भी नहर में कूद गया।
पानी का बहाव तेज होने से दोनों डूब गए। राहगीरों ने दोनों को डूबता देख नहर से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी भेजा गया। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
गांव भसेन निवासी आशाराम (60) बुधवार को घनश्याम नगर गांव एक व्यक्ति की मौत में एकादशा कार्यक्रम कराने गया था। उनके साथ में उसका पौत्र सनी (8) भी गया था।
वह देर शाम पौत्र को लेकर साइकिल से घर वापस लौट रहा था। कोथावां-उमरारी मार्ग पर नहर पुल पार करते समय पुल सकरा होने के कारण साइकिल का संतुुलन बिगड़ गया।
इस दौरान पीछे बैठा सनी उछलकर नहर में जा गिरा। पौत्र को डूबता देख आशाराम बचाने के लिए नहर में कूद गया। पानी का बहाव तेज होने से दोनों डूब गए।
उधर से गुजर रहे राहगीरों ने दोनों को डूबता देख नहर में कूदकर दोनों को बाहर निकाला। मृतक सनी तीन भाई-बहनों में छोटा था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन सीएचसी आ गए। कोतवाल इंद्रजीत सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।