फोटो-22- पाली पीएचसी पर नवजात बच्चे के साथ प्रेमावती
- फोटो : HARDOI
पाली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के गेट पर एक आशा गर्भवती को तड़पता छोड़कर गायब हो गई। मौके पर पहुंचे पीएचसी प्रभारी डॉ. आनंद शुक्ला ने उसे अस्पताल में भर्ती किया। जहां कुछ देर बाद उसने बेटी को जन्म दिया। डॉक्टर ने महिला में खून की कमी बताकर उसे जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया।
टोडरपुर ब्लॉक के गांव रैंगवा निवासी प्रेमावती (35) गर्भवती थी। सोमवार को उसे प्रसव पीड़ा होने पर पति अंबरीश ने गांव की आशा को सूचना दी। आशा उसे लेकर शाहाबाद सीएचसी आई।
पति अंबरीश ने बताया कि शाहाबाद सीएचसी से डॉक्टर ने पत्नी को जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद आशा उसे बिना कुछ बताए हरदोई न ले जाकर टेंपो से उसे पाली पीएचसी लेकर आ गई।
आरोप है कि पत्नी को पीएचसी गेट पर छोड़कर आशा कहीं चली गई। उसने पीएचसी के अंदर जाकर कर्मचारियों को सूचना दी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। इस दौरान पीएचसी अधीक्षक आ गए, उन्होंने गर्भवती को भर्ती कराया।
जहां कुछ देर बाद उसने बेटी को जन्म दिया। पीएचसी प्रभारी ने बताया कि प्रसूता में खून की कमी थी। उसके पूरे शरीर मेें सूजन थी। इस कारण उसे महिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। आशा के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।