हरदोई। आधे-अधूरे कार्यों और गड़बड़ी पर अहिरोरी की ग्राम पंचायत बरखेरवा के पूर्व प्रधान समेत तीन से जवाब-तलब किया गया है। कार्रवाई की जद में दो पंचायत सचिव भी आए हैं। डीएम ने तीनों से 15 दिन में जवाब मांगा है।
बरखेरवा के पूर्व प्रधान निर्भय सिंह की ओर से की गई शिकायत पर डीएम ने मामले की जांच जीएसटी उपायुक्त, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन से कराई थी।
डीएम एमपी सिंह ने बताया कि जांच में गड़बड़ी के लिए निवर्तमान प्रधान दिनेश पाल, पंचायत सचिव सोमेश मिश्रा और वर्तमान पंचायत सचिव वीरेंद्र कुमार वर्मा को दोषी बताया गया है। गांव में कार्यों को आधा-अधूरा कराया गया है। कई कार्यों में गड़बड़ी की पुष्टि हुई है।
इन कार्यों में मिली गड़बड़ी
हरपाल के घर से सियाराम के घर तक इंटरलॉकिंग नहीं लगी मिली। पुलिया नाली चक्की कला जर्जर मिली। छोटेलाल के घर से नेतराम के घर तक इंटरलॉकिंग नहीं लगवाई गई। राज करन, बेेचेलाल के घर से प्राइमरी स्कूल तक नाली नहीं बनवाई गई। कहा गया है कि ये कार्य कराए बिना ही पंचायत निधि से भुगतान निकाला गया है।