हरदोई। शहर में 50 करोड़ की अमृत योजना का हाल बदहाल है। तीन साल बीत जाने के बाद करीब 80 फीसदी आबादी को पानी की आपूर्ति मिलने का इंतजार है।
योजना के तहत बनवाई गई पानी की टंकी के परिसर में लगी इंटरलॉकिंग उखड़ने लगी हैं, दीवारों का प्लास्टर टूट रहा है। शहर में 12 हजार लोगों को कनेक्शन नहीं मिले हैं। वहीं, कई वार्डों में पेयजल आपूर्ति करने के लिए पाइप तक नहीं डाले गए।
शहर में अमृत योजना के तहत घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए शहर को आठ जोन में बांटा गया था। योजना के तहत सभी 26 वार्डों में रहने वाले लोगों के घरों तक पानी पहुंचाने की योजना 2016 में नगर पालिका एवं कार्यदायी संस्था जल निगम ने बनाई थी।
इन सभी जोनों में पानी की टंकी का निर्माण व नलकूप आदि बनाने के साथ ही वहां से वाटर लाइन डालने का कार्य मार्च 2019 तक पूरा किया जाना था। इसके बाद पाइप लाइनों को डालने का काम भी पूरा कर लिया गया है, मगर पानी सप्लाई का काम शुरू नहीं हो पा रहा है।
पेयजल आपूर्ति शुरू करने के साथ ही काम को मार्च 2021 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया। अब नवंबर 2022 चल रहा है और शहर में सिर्फ जोन एक में पेयजल आपूर्ति शुरू हो सकी है।
पूरे शहर में करीब 100 किलोमीटर पाइप लाइन डाली गई है। योजना के तहत शहर में जो पानी की टंकी बनी है, वह भी बदहाल हो रही है। टंकी परिसर में लगी इंटरलॉकिंग उखड़ने लगी हैं। दीवारों में प्लास्टर तक गिरने लगा है।
कार्यदायी संस्था के कर्मचारी और ठेकेदार कई महीनों से नहीं आ रहे हैं। कई बार लाइन दुरुस्त करने और वाटर लाइन शुरू कराने का प्रयास किया गया है, लेकिन विभाग सुन नहीं रहा है। आधा अधूरा काम किया गया है। ऐेसे में पालिका हैंडओवर नहीं कर सकती है।
- सुखसागर मिश्र मधुर अध्यक्ष, नगर पालिका
अमृत योजना के तहत नगर के सभी काम पूरे किए जा चुके हैं। जिला प्रशासन को काम पूरा होने की जानकारी दी गई है। वहां से निर्देश मिलते ही सभी कार्यों को हैंडओवर कर दिया जाएगा। - एमके सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम नगरीय क्षेत्र लखनऊ
फोटो-08- पानी की टंकी के वाटर बक्स की टूटी खिड़कियां- फोटो : HARDOI
फोटो-09- सर्कुलर रोड पर निर्माणाधीन पानी की टंकी- फोटो : HARDOI