हरदोई। कचहरी आए युवक को एक अधिवक्ता ने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से पीट दिया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने अधिवक्ता समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम सुहेड़ी निवासी प्रदीप सिंह सोमवंशी ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें बताया कि वह सोमवार को हरदोई कचहरी आया था। वह अधिवक्ता भंवर पाल सिंह के तख्त पर बैठा था।
इस दौरान पड़ोस के अधिवक्ता गुरू शरन ने उसके ऊपर थूक दिया। थूकने का विरोध करने पर अधिवक्ता ने अपने बेटे विशाल, साथी मोहनलाल के साथ मिलकर उसे लाठी-डंडों से पीटा।
आरोप है कि विशाल ने उसके सिर पर ईंट और चाकू मार दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कचहरी में हुई घटना से अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित ने कुछ लोगों की मदद से कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने उसे डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।