हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शाहजहांपुर मार्ग पर किसी वाहन ने साइकिल सवार मजदूर को टक्कर मार दी। घटना में गंभीर रूप से घायल हुए मजदूर को लेकर परिजन जिला चिकित्सालय पहुंचे। यहां चिकित्सक ने मजदूर को मृत घोषित कर दिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ककवाही निवासी राम लखन (30) मजदूरी करता था। रोज की तरह मंगलवार को भी वह मजदूरी करने हरदोई आया था। मंगलवार देर शाम वापस अपने घर जा रहा था। हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर ककवाही के निकट किसी वाहन ने साइकिल में टक्कर मार दी। घटना में रामलखन गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे जिला चिकित्सालय ले गए। जिला चिकित्सालय में चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। (ब्यूरो)