शाहाबाद (हरदोई)। मामा की शादी में शामिल होने के लिए ननिहाल आई मासूम की खौलते हुए पानी में गिरकर मौत हो गई। हंसी खुशी का माहौल गम में बदल गया। बरात तो घर से निकली, लेकिन न ढोल बजे न ही ढोलक।
शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती निवासी कोविद का तिलक 21 जून को था। तिलक में शामिल होने के लिए उसकी भांजी मैनपुरी जनपद के थाना और ग्राम किसनी निवासी नैना (4) भी आई थी। तिलक के दिन मटर भिगोने के लिए हलवाई पानी खौला रहा था। इसी दौरान उधर से गुजरी नैना भगौने में गिर गई और गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे उपचार के लिए शाहजहांपुर के प्राइवेट अस्पताल ले गए। मंगलवार की शाम कोविद की बरात निकलने से पहले ही नैना ने दम तोड़ दिया। देर शाम बच्ची का अंतिम संस्कार करने के बाद परिजन शांत माहौल में बरात लेकर रवाना हुए। जामा मस्जिद चौकी प्रभारी रमेश सिंह सेंगर ने बताया कि बच्ची की मौत के मामले में परिजनों की तरफ से पुलिस को तहरीर या जानकारी नहीं दी गई है।