हरदोई। बेहटागोकुल थाना क्षेत्र अंतर्गत दो बाइकों की भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई, तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टोडरपुर से जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
ग्राम बेहटागोकुल निवासी छोटे भइया (35) खेती करता था। मंगलवार रात लगभग आठ बजे वह बाइक पर खेत से गांव जा रहा था। इसी दौरान हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर दूसरी बाइक ने छोटे भइया की बाइक में टक्कर मार दी। घटना में छोटे भइया सिर के बल सड़क पर जा गिरा। हेलमेट न लगाए होने के कारण गंभीर चोटें आईं। सूचना पर उसे सीएचसी टोडरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में दूसरी बाइक पर सवार प्रकाश (23), पुत्तू (22) निवासी बील थाना सुरसा और रजनीश (35) निवासी ग्राम मंगोलापुर कोतवाली देहात भी घायल हो गए। इन तीनों को भी सीएचसी टोडरपुर में भर्ती कराया गया। यहां से तीनों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।