हरदोई। नकली नोट के कारोबार में 30 प्रतिशत का हिस्सा देने का झांसा देकर बिहार के दो युवकों ने एक युवक से 35000 रुपये ठग लिए। जब तक वह कुछ समझ पाता दोनों फरार हो गए। पीड़ित ने देहात कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर के मोहल्ला खजांची टोला निवासी जाहिद ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि वह पेनीपुरवा रेलवे क्रासिंग पुल के नीचे चाय पी रहा था। वहां पर दो युवक उसे मिले।
युवकों ने अपना नाम और पता बिहार के भोजपुर के बगही थाना बीहिया गांव निवासी जावेद और दूसरे ने भोजपुर के सदर थाने के बलबत्रा निवासी मोहम्मद एनामुल हक बताया।
उन्होंने कहा कि वह नकली नोट बनाने का कारोबार करते हैं। वह उसे 30 प्रतिशत हिस्सा देंगे। वह उनके बहकावे में आ गया। उसने पेपर और इंक खरीदने के लिए उन्हें 35000 रुपये दे दिए।
रुपये लेने के बाद दोनों फरार हो गए। कोतवाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।