फोटो-27- आवास विकास कॉलोनी में विद्युत चेकिंग करते अधिकारी
- फोटो : HARDOI
हरदोई। बिजली विभाग ने बकाया बिजली बिल जमा कराने के लिए अभियान चला रखा है। इसके तहत चार करोड़ के 2919 बकायेदारों के कनेक्शन काटने के साथ एक करोड़ का बकाया वसूला है। अभियान से बकायेदारों में खलबली मची हुई है। इस दौरान कई जगहों पर टीम का विरोध होने के चलते तीखी नोकझोंक भी हुई है।
बिजली विभाग तीन दिन से बकाया बिल वसूलने के लिए अभियान चला रहा है। इसके तहत शहर से गांव तक विद्युत विभाग की टीमें बकाया बिल वसूल रही हैं। पैसा जमा न करने वालों के कनेक्शन काटे जा रहे है। विभाग ने तीन दिन में 2919 बिजली कनेक्शन काटे हैं। इन पर विभाग को चार करोड़ दो हजार रुपये बकाया था।
अभियान के दौरान उपभोक्ताओं से एक करोड़ तीन हजार रुपये जमा कराएं गए। विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान से बकायेदारों में खलबली मची हुई है। अधिशासी अभियंता रामदास ने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा। जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए हैं।
उनके कनेक्शन तभी जोड़े जाएंगे, जब वह बकाया का 50 प्रतिशत जमा कर देंगे। बिना बकाया बिल जमा किए कनेक्शन जुड़ा पाया गया, तो उपभोक्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। साथ ही क्षेत्र के लाइनमैन के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
टीम का हुआ विरोध
उपखंड अधिकारी बावन आशीष कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान सोमवार को बेहटा गोकुल कस्बे में लोगों ने बकाया बिल जमा न करने पर कनेक्शन काटने का विरोध किया। इससे काफी देर तक कार्य बाधित रहा।