हरदोई। नगर निकाय वार्डों के प्रस्तावित आरक्षण पर आईं 35 आपत्तियां समिति ने परीक्षण के बाद खारिज कर दी। 13 निकायों के 245 वार्डों पर प्रस्तावित आरक्षण पर ही प्रशासन ने मुहर लगा दी। डीएम ने आपत्तियों के परीक्षण और निस्तारण की रिपोर्ट शासन को भेजी दी।
नगर निकायों के चुनाव के लिए चल रही तैयारियों में नगर विकास विभाग ने अध्यक्ष और वार्ड सदस्य पद पर आरक्षण तय किए जाने की प्रक्रिया पूरी करा ली है। नगर विकास विभाग ने यहां के 245 वार्डों के प्रस्तावित आरक्षण का सार्वजनिक प्रकाशन करके आपत्तियां प्राप्त की थीं।
जिलाधिकारी एमपी सिंह ने सोमवार को बताया कि उनकी अध्यक्षता वाली समिति में एडीएम और संबंधित निकाय के अधिशासी अधिकारी ने प्राप्त आपत्तियों का एक-एक कर परीक्षण किया।
आपत्तियों में दिए गए तथ्य प्रस्तावित आरक्षण की प्रक्रिया में बलहीन निकले। इन सभी आपत्तियों को परीक्षण के बाद खारिज कर दिया गया। प्रस्तावित आरक्षण को ही अंतिम आरक्षण के रूप में प्रभावी किए जाने की रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है।