शाहाबाद। रविवार की शाम को तेज गर्जना के साथ हुई मूसलाधार बारिश और भारी ओलावृष्टि ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। नगर के उधरनपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में करीब तीस मिनट तक ओले गिरे, जिससे सड़कों और खेतों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। कुदरती आफत को देखकर ग्रामीण सहम गए और अपनी फसलों को लेकर चितिंत नजर आए।
शाहाबाद क्षेत्र के उधरनपुर, पुरवा, पिपरिया और परियल सहित तमाम गांवों में ओलावृष्टि ने जमकर तांडव मचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ओले गिरने का सिलसिला करीब आधे घंटे तक चला। इससे गेहूं, सरसों और दलहन की फसलों को भारी नुकसान होने का अनुमान है। तैयार खड़ी फसलों के दाने जमीन पर बिखर गए हैं। किसानों की साल भर की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है। उधरनपुर में महिलाओं ने प्रकृति के इस प्रकोप को शांत करने के लिए पारंपरिक टोटकों का सहारा लिया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपने घरों के आंगन में मूसल और तवा फेंका। मूसलाधार बारिश के चलते जल भराव की स्थिति पैदा हो गई। जिससे राहगीरों को निकलने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।