भरावन (हरदोई)। सांडी थाना क्षेत्र में रविवार को मां के साथ अपनी बेटियों के लिए कपड़े खरीदने जा रहे राजमिस्त्री की हादसे में मौत हो गई।
होली के त्योहार पर बेटियों के लिए खुशियां खरीदने गए पिता की मौत की खबर सुनते ही अबोध बेटियां रो-रोकर पिता को पुकारती रहीं। बाइक सवार राजमिस्त्री को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर बैठीं मां भी घायल हो गईं।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव बांसी निवासी कुरेंद्र पाल (30) राजमिस्त्री था। रविवार की दोपहर बाइक से होली के मौके पर बेटियों के लिए कपड़े खरीदने अपनी मां शांती देवी (55) के साथ सांडी से जा रहा था। सांडी हरपालपुर मार्ग पर किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
घटना में कुरेंद्र पाल और उसकी मां घायल हो गईं। परिजन दोनों को सीएचसी सांडी ले गए। यहां से कुरेंद्र को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर एंबुलेंस से लखनऊ जा रहे थे।
भरावन के पास कुरेंद्र की हालत ज्यादा बिगड़ गई तो उसे भरावन सीएचसी ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने बताया कि सीएचसी की लिखित सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
घटना सांडी थाना क्षेत्र में हुई है। परिजन तहरीर देंगे तो रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। उधर, मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा। यहां पर अंतिम संस्कार किया गया।
चार बेटियों के सिर से उठ गया पिता का साया
कुरेंद्र पाल के परिवार में पत्नी विमला देवी हैं। चार पुत्रियां हैं। प्रियांशी (9), रीना (7), बबली (6) और रीना (2)। इन्हीं बच्चियों के कपड़ों की खरीदारी के लिए वह अपनी मां के साथ घर से निकला था। भाई मनोज और पप्पू और एक बहन में वह सबसे छोटा था।