हरदेाई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में हैबतपुर गांव के पास वाहनों की जांच के दौरान एक कारोबारी की कार से पुलिस को पौने छह लाख रुपये मिले हैं। कारोबारी फौरी तौर पर पुलिस को रुपयों के संबंध में कोई अभिलेख नहीं दिखा पाए। ऐसे में रुपये चुनाव सेल के जरिए कोषागार में जमा कराने का निर्णय लिया गया है।
बिलग्राम कोतवाल नारायण कुशवाहा मंगलवार दोपहर हैबतपुर के पास वाहनों की जांच का अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक कार की तलाशी ली गई, तो इसमें पौने छह लाख रुपये मिले। कार सवार आशीष मिश्रा पिहानी कोतवाली क्षेत्र के चठिया बुजुर्ग गांव के रहने वाले हैं
बताया कि होली में पत्नी स्नेहा मिश्रा के साथ गांव आए थे। वापस दिल्ली जा रहे हैं। उसने पुलिस को बताया कि आईटी संबंधी कारोबार के साथ ही सीसीटीवी लगाने, इंटीरियर का कारोबार भी करता है। रुपये भी उसने कारोबार संबंधी ही बताए। हालांकि जब पुलिस ने रुपये के स्रोत के बारे में पूछा तो आशीष कोई अभिलेख नहीं दिखा सके।
कोतवाल नारायण कुशवाहा ने बताया कि बरामद रकम को चुनाव सेल के जरिए कोषागार में जमा कराया जाएगा। अगर आशीष बाद में कोई साक्ष्य और अभिलेख दे पाएंगे तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।