हरदोई/सांडी। मामा के बेटे की शादी में शामिल होने जा रहे युवक (बुआ का बेटा) की बाइक हरदोई-सांडी मार्ग पर दूसरी बाइक से टकरा गई। घटना में युवक की मौत हो गई।
उसके साथ जा रहे दूल्हे के सगे भाई समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया है ।
अरवल थाना क्षेत्र के दहेलिया निवासी गौरव (25) के मामा अशोक शर्मा के बेटे अनुज शर्मा की बरात रविवार रात सीतापुर रोड स्थित सरैया गांव जा रही थी। बरातियों के जाने के बाद गौरव दूल्हे अनुज के भाई राम किशन (22) और गांव के ही सौरभ (25) के साथ बाइक से बरात में शामिल होने जा रहा था।
हरदोई-सांडी रोड पर सांडी थाना क्षेत्र में अमलउखा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में गौरव को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि राम किशन और सौरभ को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया।
40 दिन पहले ही हुई थी गौरव की शादी
घटना में गौरव की मौत होने की जानकारी मिलते ही परिवार वाले बिलख पड़े। गौरव की शादी बीती 10 मार्च को ही हुई थी। उसकी ससुराल भी सीतापुर रोड स्थित सरैया गांव में ही है। पत्नी खुशबू सरैया में ही थी और घटना का पता चलते ही बदहवास हो गई। दरअसल गौरव की ससुराल की ही एक युवती के साथ अनुज की शादी तय हुई थी। वह लोग इसी बरात में जा रहे थे।