पाली क्षेत्र में बाइक सवार युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। पोते के मौत की खबर घर पहुंची तो सदमे में दादी ने भी दम तोड़ दिया।
हरपालपुर क्षेत्र के इकनौरा गांव निवासी राजेश का बेटा रामू पांडेय (24) कस्बा में मोबाइल की दुकान करता था। शुक्रवार सुबह वह बाइक से ट्रैक्टर का प्रेशर पाइप लेने शाहजहांपुर गया था। वहां से देर शाम घर लौटते समय पाली- शाहाबाद रोड पर परेली गांव के निकट अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। वह हेलमेट नहीं लगाए था। राहगीरों की सूचना पर 100 नंबर पुलिस पहुंची, उसे सीएचसी में भर्ती कराया। उसके पास मिले ड्राइविंग लाइसेंस से उसकी पहचान हुई। पास मिले मोबाइल फोन से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजन सीएचसी पहुंचे। जहां पर हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल आये पिता राजेश व अन्य लोगों ने रामू की मौत की सूचना घर पर दी। पोते की मौत होने की जानकारी होते ही दादी वेदवती (65) की सदमे से मौत हो गई। पुलिस ने देर रात पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया। रामू चार भाईयों में सबसे बड़ा था। उससे छोटे पुनीत, गोपाल और गोविंद और एक बहन है। पिता खेती किसानी करता है। एसओ दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।