पचदेवरा। रबी फसलों के सीजन में खाद और डीएपी की मांग बढ़ी है। पछोहा क्षेत्र की साधन सहकारी समिति आमतारा चार दिनों से बंद है। समिति और गोदाम न खुलने से किसानों को डीएपी और यूरिया नहीं मिल पा रही है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों को रबी फसलों के सीजन में डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने के लिए निजी विक्रेताओं के साथ ही सहकारी समितियों के माध्यम से वितरण कराया जा रहा है। पछोहा क्षेत्र के आमतारा साधन सहकारी समिति पर खाद विक्रय केंद्र संचालित है, लेकिन पिछले चार दिनों से बंद होने के कारण किसानों को बिना खाद के ही लौटना पड़ रहा है। बिरिया निवासी किसान बालकराम ने बताया कि सरसों और गेहूं की बुवाई करनी है। इसके लिए खाद की जरूरत है। किसान प्रभाकर ने बताया कि खाद के लिए गोदाम पर आते हैं, लेकिन गोदाम बंद होने से लौटना पड़ रहा है। निजी दुकानों पर यूरिया 400 और डीएपी 1,800 रुपये प्रति बोरी तक बिक रही है।
किसान उद्धाराजित सिंह ने बताया कि गन्ना, सरसों और गेहूं के लिए डीएपी न मिलने से बुवाई समय से नहीं हो पा रही है। किसान राजीव मिश्रा ने बताया कि आलू और गेहूं बोने हैं, लेकिन खाद न मिलने से फसल की बुवाई पर संकट है। भरखनी बीडीओ अशोक कुमार द्विवेदी ने बतया कि जांच टीम भेजी जा रही है। सचिव व दुकानदार जो भी दोषी पाए जाएंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी। मोबाइल फोन रिसीव न किए जाने से सचिव से संपर्क नहीं हो सका। वहीं अपर जिला सहकारी अधिकारी एसके श्रीवास्तव ने बताया कि आज ही चार्ज मिला है, जल्द ही व्यवस्था कराई जाएगी।