हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के भरिगवां में शनिवार रात संदिग्ध हालात में युवती की मौत हो गई। मृतका के मौसा ने बाबा पर इलाज कराने से इन्कार करते हुए धक्का देने और गिरने से आई चोटों के कारण युवती की मौत होने की बात कही। उधर, दूसरी ओर ग्रामीणों का कहना है कि युवती क्षयरोग का शिकार थी। पुलिस ने जानकारी पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भरिगवां निवासी हाकिम सिंह खेती करते हैं। उनकी बेटी प्रतिमा (23) पिछले कुछ समय से बीमार थी। शनिवार रात उनकी तबीयत बिगड़ी और वह पिता के साथ दवा लेने गई थी। वापस घर पहुंचने पर कुछ देर बाद प्रतिमा की मौत हो गई। इसका पता चलने पर प्रतिमा के ननिहाल से कई रिश्तेदार आ गए। इन लोगों ने आरोप लगाया कि हाकिम ने प्रतिमा का इलाज कराने के लिए 30 हजार रुपये पिता से मांगे थे। पिता ने रुपये देने से इन्कार कर प्रतिमा को धक्का दे दिया और वह गिर गई। इस कारण उसकी मौत हो गई।
उधर, दूसरी ओर परिजन का कहना है कि हाकिम सिंह दो भाई हैं। हाकिम के इकलौते बेटे की मौत भी डेढ़ साल पहले सई नदी में डूबकर हो गई थी। हाकिम के ससुरालीजनों काे डर है कि उनके पिता कहीं पूरी संपत्ति हाकिम के भाई को न दे दें। इसी वजह से आरोप लग रहे हैं। देहात कोतवाल समर बहादुर सिंह ने बताया शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अब तक की जांच में पता चला कि युवती की मौत बीमारी से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अगर कुछ संदिग्ध मिलेगा तो उस आधार पर जांच की जाएगी।