हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के शुगरमिल कालोनी में संदिग्ध हालात में युवती की हालत बिगड़ गई। सोमवार रात मां ने युवती को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई। इस पर विसरा सुरक्षित किया गया है।
शहर की शुगरमिल कालोनी निवासी एक महिला ने बताया कि वह अपने पति से अलग रहती है। पति चाय की दुकान चलाता है। महिला ने पति पर गुजारा भत्ता का वाद दायर कर रखा है। इसी सिलसिले में सोमवार शाम महिला अपनी बेटी (22) के साथ एक अधिवक्ता से मिलने कचहरी गई थी। महिला का दावा है कि अधिवक्ता के साथ उनके चार और साथी थे।
एक स्थान पर जाने के बाद सभी ने वहां बीयर पी। इसके बाद मां बेटी देर शाम वापस घर चली गईं। महिला का दावा है कि वापस आकर बेटी ने फंदा लगा लिया। उसने फंदे से उतारा और मेडिकल कॉलेज लाई। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जानकारी पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट न होने पर मृतका की मां की बात पर सवाल उठ रहे हैं। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पूरा घटनाक्रम संदिग्ध है।
30 हजार रुपये में घुमाने की भी हुई थी चर्चा
मृतका की मां का कहना है कि साथ में बीयर पीने वाले लोगों में से एक ने उसे लालच भी दिया था। बेटी को हिमाचल प्रदेश साथ में भेजने के बदले 30 हजार रुपये देने की बात भी कही गई।