हरदाेई। राजकीय इंटर कालेज के मैदान में श्री शचंद्र मेमोरियल प्रादेशिक हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ मंगलवार को आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने किया। पहला मैच गाजीपुर और बस्ती की टीम के बीच खेला गया, जबकि दूसरा मैच बहराइच और पूरनपुर की टीम के बीच हुआ। गाजीपुर और बहराइच की टीमों ने अपने अपने मैच जीत लिए।
टूर्नामेंट का शुभारंभ करते हुए आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ मस्तिष्क के लिए स्वस्थ शरीर भी जरूरी है। खेलों से युवा स्वस्थ रहते हैं। साथ ही अब खेल के क्षेत्र में रोजगार की भी अपार संभावनाएं हैं। पहला मैच गाजीपुर और बस्ती के बीच खेला गया। मैच बराबरी पर छूटा तो टाईब्रेकर से परिणाम तय करने का निर्णय हुआ। इसमें गाजीपुर की टीम चार-एक से जीत गई। दूसरे मैच में बहराइच की टीम के हरमदीप और प्रिंस ने दो दो गोल, तरनजीत सिंह और सुखचैन सिंह ने एक एक गोल किया।
बहराइच की टीम ने कुल छह गोल किए। पूरनपुर की टीम एक भी गोल नहीं कर पाई और हार गई। मैच में निर्णायक की भूमिका लाल खां और मनीष द्विवेदी ने निभाई। रेडक्रास सेासाइटी के सभापति डा. रमेश अग्रवाल, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, राइस मिलर्स एसोसिएशन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश अग्रवाल, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्रा मधुर, योगेंद्र दत्त मिश्रा, अजय प्रताप सिंह तेगू आदि मौजूद रहे।