हरदोई। पिछले शुक्रवार को आंझी शाहाबाद मार्ग पर दुर्घटना में घायल प्रापर्टी डीलर की उपचार के दौरान बुधवार देर रात बरेली में मौत हो गई। परिजन शव घर ले गए। परिजनों से मिली सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला मौलागंज निवासी नदीम (42) पुत्र इमरान प्रापर्टी डीलर थे। पिछले शुक्रवार की शाम वह आंझी मार्ग स्थित अपनी साइट से बाइक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान आंझी शाहाबाद मार्ग पर स्थित एक डिग्री कालेज के निकट दूसरी बाइक ने नदीम की बाइक में टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने से नदीम सिर के बल सड़क पर गिर गए। हेलमेट न लगाए होने से सिर में गंभीर चोटें आई थीं। दूसरी बाइक पर सवार युवक मामूली चुटहिल हुआ था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों बाइक सवारों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद में भर्ती कराया था। यहां चिकित्सक ने नदीम की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। परिजन नदीम को लेकर बरेली के एक अस्पताल में चले गए थे। वहां बुधवार देर रात नदीम की मौत हो गई। परिजन शव घर ले आए। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री है।