कछौना। शनिवार शाम हादसे में घायल बाइक सवार तीन लोगों में से महिला की देर शाम लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई।
कछौना कोतवाली के ग्राम बरवा निवासी मोहित (27) पुत्र राकेश निवासी ग्राम बरवा कोतवाली कछौना शनिवार शाम पत्नी ज्योति (25) के साथ बाइक से नानी मालती (80) निवासी ग्राम शादीपुर कोतवाली बांगरमऊ जिला उन्नाव को छोड़ने उनके घर जा रहा था। कछौना कस्बा चौराहे पर संडीला की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने के कारण मोहित समेत उसकी पत्नी ज्योति व नानी मालती गंभीर रूप से घायल हो गए। पास ही मौजूद पुलिसकर्मियों ने तीनों को सीएचसी पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने ज्योति व मालती को लखनऊ रेफर कर दिया था। शनिवार देर शाम लखनऊ में ज्योति की मौत हो गई। कोतवाल राय सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।