हरदोई। गेहूं खरीद की स्थिति सुधारने के लिए शासन ने मोबाइल क्रय केंद्रों के माध्यम से खरीद कराए जाने के निर्देश दिए हैं। डीएम के निर्देश पर गुरुवार मोबाइल क्रय केंद्रों को क्रियाशील कर दिया गया है। एडीएम ने केंद्र प्रभारियों को काश्तकारों से संपर्क करने व मौके पर जाकर की खरीद सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। एडीएम ने शुक्रवार को सभी एजेंसियों के मोबाइल नंबर जारी करते हुए मोबाइल क्रय केंद्रों का व्यापक प्रचार प्रसार कराए जाने आदेश दिया है।
कोरोना संक्रमण कॉल में 15 दिन देरी से 15 अप्रैल से शुरू हुई गेहूं की खरीद इस बार अपेक्षित रफ्तार नहीं पकड़ सकी। गुरुवार की शाम तक जनपद में निर्धारित लक्ष्य 14 लाख क्विंटल के 119 क्रय केंद्रों पर मात्र 7 लाख 91 हजार क्विंटल (54) फीसदी गेहूं की खरीद की जा सकी है। पूरे सूबे में खरीद के लगभग यही हाल हैं, इसे दृष्टिगत रखते हुए बुधवार की शाम खाद्य आयुक्त मनीष चौहान ने मोबाइल क्रय केंद्रों के माध्यम से खरीद बढ़ाने के लिए निर्देश दिए हैं।
शासन व डीएम पुलकित खरे की ओर से निर्देश मिलने के बाद एडीएम संजय कुमार सिंह व डिप्टी आरएमओ अनुराग पांडे द्वारा सभी क्रय एजेंसियों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। गुरुवार को खाद्य आयुक्त के जनपद भ्रमण के साथ ही सभी क्रय कें द्रों को मोबाइल सेंटर के रूप में एक्टिव कर दिया गया है।
एडीएम संजय कुमार सिंह ने बताया कि अधिक से अधिक किसानों को समर्थन मूल्य योजना का लाभ मिल सके इसी उद्देश्य के साथ मोबाइल क्रय केंद्रों को सक्रिय किया गया है। कहा कि केंद्र प्रभारी किसानों से संपर्क करने के बाद उनके गांव जाकर उपज की खरीद करेंगे।
उपज खरीदने के बाद उसे संबंधित केंद्र व डिपो तक पहुंचाने का दायित्व केंद्र प्रभारी/ठेकेदार व संबंधित एजेंसी का होगा। एडीएम ने बताया कि सभी एजेंसी प्रभारियों को इस संबंध में निर्देशित करने के साथ ही उनके मोबाइल नंबर व मोबाइल क्रय केंद्रों के माध्यम से खरीद शुरू होने का ग्रामीण अंचलों में व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार कराया जा रहा है।