हरदोई/ पाली। पाली थाना क्षेत्र के हसनापुर गांव में प्रेमिका के घर गोली लगने से युवक की मौत के मामले में पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। पूरी घटना हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट तो दर्ज की है, लेकिन ज्यादातर इशारे आत्महत्या को लेकर मिल रहे हैं। इस सबके बीच मृतक के मोबाइल का ब्योरा निकलवाने से पुलिस को पता चला है कि जेल से बाहर आने के बाद किशोरी और मृतक के बीच लगातार मोबाइल पर बात हो रही थी। आठ जुलाई से 18 अगस्त के दौरान दोनों के बीच 122 बार बात चीत होने की जानकारी पुलिस को मिली है।
हसनापुर निवासी गौरव सिंह (28) का प्रेम प्रसंग गांव निवासी एक किशोरी (16) के साथ था। 21 मई को वह किशोरी को बहलाकर साथ ले गया था। किशोरी के पिता की तहरीर पर गौरव के खिलाफ किशोरी के अपहरण का मामला 25 मई को दर्ज हुआ था। दो जून को किशोरी और गौरव को पुलिस ने खोज लिया था। गौरव को जेल भेज दिया गया था। छह जुलाई को जमानत मिलने पर वह जयपुर चला गया था और एक संस्था में खाना बनाने का काम ठेके पर करने लगा था। सोमवार रात गौरव का शव उसकी प्रेमिका के घर में पड़ा मिला था। पेट और सीने के बीच में उसे गोली लगी थी। पास ही तमंचा और एक चाकू भी पड़ा मिला था। मृतक के भाई की तहरीर पर प्रेमिका के पिता सर्वेश खां उर्फ शेखू, शेखू के तीन पुत्रों शहनूर, मैनूर और इजाद व शेखू के दामाद शाहजहांपुर जनपद के करीमपुर निवासी करीम के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने गौरव और किशोरी के मोबाइल की सीडीआर निकलवाई है। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक पिछले लगभग चालीस दिनों में गौरव और किशोरी के बीच 122 बार मोबाइल पर बातचीत हुई है। पुलित्हत्या ओर आत्महत्या दोनों ही बिंदुओं पर जांच कर रही है, लेकिन अब तक जो भी साक्ष्य मिले हैं उनका साफ इशारा आत्महत्या की तरफ जा रहा है।
फॉरेंसिक रिपोर्ट से खुलेंगे कई राज
एसपी नीरज कुमार जादौन ने घटनास्थल पर पहुंचने के बाद फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया था। फॉरेंसिक टीम ने तमंचे में लगे बारूद के साथ ही मृतक के हाथ के भी नमूने लिए हैं। इनका मिलान विधि विज्ञान प्रयोगशाला में किया जाएगा। इसी तरह फॉरेंसिक टीम ने तमंचे पर बने फिंगर प्रिंट भी लिए हैं और मृतक के फिंगर प्रिंट भी लिए गए हैं। इनकी रिपोर्ट से भी घटना का खुलासा करने में आसानी होगी।
... तो शादी के इरादे से गांव आया था गौरव
गौरव के शव के पास पुलिस को एक बैग भी मिला था। इस बैग में गौरव के कपड़े, पिता की दवाइयां औ सिंदूर की एक नई डिब्बी भी मिली थी। सिंदूर की डिब्बी मिलने की वजह से कहीं न कहीं यह चर्चा भी है कि गौरव शादी करने के इरादे से ही जयपुर से हसनापुर आया था। अनौपचारिक बातचीत में प्रेमिका के पिता ने भी यह कहा था कि गौरव ने उससे कहा था कि आज शादी करके ही जाएंगे। हालांकि प्रेमिका के इस बयान की पुष्टि पुलिस ने नहीं की है।
गोली चली एक, खोखा दो
गौरव की मौत एक गोली लगने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हो चुकी है। मौके से पुलिस को एक खोखा मिला था। शव की तलाशी के दौरान मृतक की जेब से भी एक खोखा पुलिस को मिला था। इसको लेकर भी मामला उलझा हुआ है।
घटना को लेकर सभी बिंदुओं पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है। जो भी वास्तविकता होगी वह सबके सामने आएगी। किसी निर्दोष को जेल नहीं भेजा जाएगा और कोई दोषी बख्शा भी नहीं जाएगा।
मार्तण्ड प्रकाश सिंह
एएसपी पश्चिमी