आल और आसपास के लिए
गौरा गोशाला में मवेशी मरणासन्न, दिया चारा-पानी
- नेचुरोपैथ डॉ. राजेश मिश्र ने गोशाला की दुर्दशा का वीडियो जिम्मेदारों को भेजा
- गोवर्धन पूजा के लिए जुटे थे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
माधौगंज (हरदोई)। विकास खंड के ग्राम गौरा स्थित गोशाला में मवेशियों की दुर्दशा का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में गोशाला में मवेशियों के लिए भूसे और पानी की व्यवस्था नहीं दिख रही है। मवेशी मरणासन्न पड़े हैं। वीडियो बनाने वाले नेचुरोपैथ डॉक्टर राजेश मिश्रा का कहना है कि उन्होंने किसी तरह गोशाला में पानी की व्यवस्था कराई। उन्हें चारा खिलाया।
नेचुरोपैथ डॉक्टर राजेश मिश्रा गायत्री विद्या पीठ कृष्णनगरिया के संस्थापक रविकांत त्रिपाठी के साथ सोमवार को गोवर्धन पूजा के लिए माधौगंज विकास खंड की गौरा गोशाला पहुंचे। यहां गेट पर ताला लटकता मिला। डॉ. राजेश ने बताया कि एक घंटा बाद गोशाला का गेट खुलवा सके। अंदर गए तो गोशाला की दुर्दशा सामने आई। उन्होंने ग्रामीणों की मौजूदगी में गोशाला के वीडियो बनाए और इन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। डॉ. मिश्र ने बताया कि मवेशियों को हवा ही मिल रही है, मौके पर न तो भूसा, चारा मिला और न ही पानी। उन्होंने मामले से प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराने का प्रयास किया। उन्होंने सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू को गोशाला की दुर्दशा की जानकारी दी। ग्रामीणों की मदद से पास ही स्थित पंपिंग सेट से पाइप डलवाकर गोशाला में बने टैंक में पानी भरवाया। डॉ. मिश्र अपने साथ गोवर्धन पूजा पर मवेशियों के लिए भूसा, चारा व कुछ अन्य सामग्री भी ले गए थे। इसे उन्होंने मवेशियों को खिला दिया। डॉ. राजेश मिश्र ने एक और वीडियो गौरा गोशाला का अपलोड किया है। इसमें मवेशी मरणासन्न दिख रहे हैं। उनका कहना है कि एक मवेशी की तो आंख ही कोई निकाल ले गया है।
डेढ़ माह से संचालन के लिए बजट नहीं
ग्राम पंचायत अधिकारी कमल तिवारी ने बताया कि गौरा गोशाला में बिजली का कनेक्शन नहीं है। चार माह से इस बारे में अवगत कराया जा रहा है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके कारण पानी की समस्या रहती है। जब तक आसपास की बोरिंग से सिंचाई होती रही, तब तक पानी का टैंक भरवाया जाता रहा। उन्होंने कहा कि डेढ़ माह से गोशाला संचालन के लिए बजट नहीं मिला। खाते में केवल छह हजार रुपये हैं। गोशाला में सफाईकर्मी लगाए गए थे, वह भी हटा दिए गए हैं। तीन प्राइवेट कर्मचारी निजी व्यवस्था से लगाए हैं।
फोटो- 37- गौरा गोशाला में खाली पड़ा पानी का टैंक। अमर उजाला
फोटो- 38- टैंक में भरवाया जा रहा पानी। अमर उजाला
फोटो- 39- गोशाला में मरणासन्न पड़े मवेशी की आंख से निकलता खून। अमर उजाला
फोटो- 40- खाली पड़ा भूसा भंडार कक्ष। अमर उजाला