पिहानी। वन रेंज कार्यालय के खंडहर बने एक आवास में माली का शव छत के कुंडे से लटकता मिला। क्षेत्रीय वन रेंज अधिकारी की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संडीला कस्बे के मोहल्ला मंगल बाजार निवासी अमित कुमार (40) पिहानी वन रेंज कार्यालय पर माली के पद पर तैनात था। वन रेंज अधिकारी नरेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि बीते शाम वन दारोगा विजय शंकर ने उन्हें सूचना दी कि कार्यालय के खंडहर आवास में माली अमित का शव कपड़े के सहारे कुंडे में लटक रहा है। उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के लिए भेज दिया है। (संवाद)