श्री गजानन सेवा समिति ने गाजे-बाजे के साथ गणपति
बप्पा को विदा किया। विसर्जन यात्रा से पूर्व गणेश जी के साथ हनुमानजी की
भी स्तुति की गई। विसर्जन यात्रा में शामिल भक्त डीजे की धुन पर झूम रहे
थे।
वंशीनगर के श्री नागेश्वर नाथ मंदिर में चल रहे श्री गजानन
सेवा समिति के गणेश उत्सव का बुधवार को समापन हो गया। विसर्जन यात्रा से
पहले श्रद्धालुओं ने आचार्यों के संरक्षण में आदि देव गणेशजी का विधि
विधानपूर्वक पूजन अर्चन कर आरती उतारी। इसके बाद डीजे साउंड पर हनुमान जी
की स्तुति की गई।
हनुमत डटे रहो आसन पर जब तक कथा राम की होय...,
वीर हनुमाना अति बलवाना, जय जय हो तुम्हारी बजरंग बली... जैसी सुंदरकांड की
रसमयी पंक्तियां सुनकर भक्त झूमने लगे। शोभयात्रा में सजाई गई झाकिंयों ने
सभी का मन मोह लिया। शोभा यात्रा वंशीनगर से शुरू होकर बड़ा चौराहा, सदर
बाजार, मुन्ने मियां चौराहा, रामदत्त चौराहा, बड़ा चौराहा, सिनेमा चौराहा,
जिंदपीर चौराहा होते हुए सई नदी पहुंची।
यहां गणपति बप्पा मोरया,
अगले बरस तू जल्दी आ... के गगनभेदी स्वर के बीच गणपति की मूर्ति को
विसर्जित किया। इस मौके पर अविनाश मिश्र, समीर सिंह, मनीष चतुर्वेदी, दीपक
त्रिवेदी, मोनी पाठक भी मौजूद रहे।
श्री सिद्धि विनायक मराठा मंडल
एवं सर्राफा कमेटी के नवें गणेश उत्सव में प्रात:कालीन आरती हुई। श्री गणेश
आरती में सुबह 1101 दुर्वा का भोग एवं 1001 लड्डुओं का भोग लगाया गया।
हवन-पूजन मराठा रीति के अनुसार किया गया। प्रात:कालीन आरती में मुख्य यजमान
अशोक गुप्ता, अरुण गुप्ता मुरारी पाठक मौजूद रहे।
इनके द्वारा
आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद भी बांटा गया। शाम को रमेश जलोटा
के श्याम गुणगान का कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें श्रद्धालु झूमने को मजबूर
हो गए। सांय कालीन आरती में मुख्य यजमान संदीप रस्तोगी, प्रदीप मिश्रा,
प्रदीप रस्तोगी, अनिल महेंद्रा, शानू महेंद्रा, राजा रस्तोगी, आशीष
रस्तोगी, शानू मिश्रा भी मौजूद रहे।
श्री विनायक समिति के
तत्वावधान में अग्रवाल धर्मशाला में चल रहे गणेश उत्सव के दौरान देर शाम
कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। जय
गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा... आदि प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
इसके
पूर्व जूनियर व सीनियर दो वर्गों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई।
इसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महामंत्री अपूर्व महेश्वरी
ने बताया कि 24 सितंबर को हरदोई के महाराजा की मूर्ति का विसर्जन किया
जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस दौरान श्रद्धालु अपने घरों की छतों पर
भगवा रंग की ध्वजा पताका फहराएं। इस मौके पर सोमेंद्र अग्रवाल, अपूर्व
माहेश्वरी, अनुराग दीक्षित, आशीष महेश्वरी, राजकुमार अग्रवाल, राजीव
गुप्ता, श्याम जी गुप्ता, जमुनसा सेठ, गौरव सिंह भदौरिया, अंकुर मित्तल,
देवेंद्र गुप्ता भी मौजूद रहे।