हरदोई। चतुर्थी पर शहर से लेकर कसबों तक में शोभायात्राएं निकालकर गजानन की प्रतिमाओं को विराजमान किया गया। शाम को आरती कर गणेश को लड्डुओं का भोग लगाया गया। भव्य पंडालों में सजी मनमोहक झांकियां देखने शाम से ही भीड़ लगने लगी। सात दिन तक हर ओर गजानन के जयकारों की धूम रहेगी। घरों में भी प्रतिमाएं स्थापित की गईं।
हरदोई। श्री विनायक समिति के तत्वावधान में सोमवार को हरदोई के महाराजा श्री गणेश भगवान प्राण प्रतिष्ठा की गई। समिति के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने पत्नी अनुजा अग्रवाल संग पूजा की। अग्रवाल धर्मशाला में जूनियर व सीनियर वर्ग में कलश सज्जा प्रतियोगिता हुई।
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में भी विभिन्न वेषभूषा में आए बच्चों ने हुनर का परिचय दिया। निर्णायक की भूमिका में पूनम तोमर मौजूद रहीं। देर शाम आरती एडीएम कुंज बिहारी अग्रवाल ने की। मंच का संचालन विनीता जोशी ने किया।
इसके अलावा सोमवार को अग्रवाल धर्मशाला में पांच दिवसीय निशुल्क पतंजलि योग विज्ञान शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर संरक्षक सोमेंद्र अग्रवाल, अपूर्व महेश्वरी, राजकुमार अग्रवाल, अनुराग गुप्ता, जमुना सेठ आदि मौजूद रहे। योग शिक्षक हरिवंश सिंह व मुख्य योग शिक्षिका विनीता पांडे ने योग प्राणायाम को अपने जीवन में उतारने का संदेश दिया। इस मौके पर शशिकला सिंह, प्रतिभा गुप्ता, कंचन पांडे, नीलम मिश्रा, मीरा द्विवेदी, सत्य प्रकाश मिश्र आदि मौजूद रहे।