गंगा की धारा को निर्मल और अविरल बनाने के लिए नमामि गंगा प्रोजेक्ट पर अब जनपद में भी काम शुरू हो जाएगा। जनपद के जिन क्षेत्रों से गंगा निकली हैं वहां के ग्राम प्रधानों सहित ग्राम सचिवों और संबंधित खंड विकास अधिकारियों को टिप्स दिए जाएंगे। केंद्र सरकार के जल संसाधन नदी विकास व गंगा संरक्षण मंत्रालय के सचिव शशि शेखर ने प्रदेश सरकार को कार्यक्रम के बाबत पत्र लिखा है।
प्रदेश सरकार के नगर विकास सचिव श्रीप्रकाश सिंह ने डीएम रमेश मिश्र को पत्र भेज जिले में गंगा नदी के किनारे बसे गांवों के प्रधानों को आगामी 30 जनवरी को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में नमामि गंगे की कार्यशाला में भाग लेने के लिए बुलाया गया। इस कार्यक्रम में डीएम के अलावा अधिशासी अधिकारी व प्रधानों को आमंत्रित किया है। जिसमें गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने के गुर सिखाए जाएंगे। सभी के दिल्ली में ठहरने की व्यवस्था 29 से 31 जनवरी तक यूपी भवन में होगी। आवागमन का खर्च भी सरकार वहन करेगी।
जनपद के भी चार विकास खंडों की 11 ग्राम पंचायतों को भी इसमें शामिल किया गया है। इन ग्राम पंचायतों में विकास खंड बिलग्राम की कटरी बिच्छुईया, कटरी परसोला, कटरी बिराइचमऊ, माधौगंज ब्लाक की कुतुआपुर, मल्लावंा ब्लाक की शाहपुर पंवार व मंसूरपुर तिगावां, सांडी ब्लाक की कटरी छोछपुर, मंसूरपुर, उमरौली हैदर, छोछपुर व तेरापुरसौली है। जिलाधिकारी ने नामित प्रधान, बीडीओ व ग्राम सचिवों को बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के लिए इन्हें किया गया नामित
नमामि गंगे के तहत होने वाले प्रशिक्षण के लिए चार खंड विकास अधिकारी में बिलग्राम से बीडीओ प्रवीणा शुक्ला के साथ कटरी बिच्छुईया प्रधान संगीता व सचिव रविंद्र कुमार गुजराती, कटरी परसोला प्रधान मनोरमा व सचिव अनिल वर्मा, कटरी बिराइचमऊ प्रधान राजेश्वरी व सचिव रविंद्र गुजराती, माधौगंज से बीडीओ नीलम सक्सेना के साथ कुतुआपुर प्रधान महेश व सचिव बृजेंद्र कुमार, मल्लावां में बीडीओ रवि चंद्र यादव के साथ प्रधान शाहपुर पंवार प्रधान उर्मिला व सचिव सुरेंद्र कुमार, मंसूरपुर तिगांवा प्रधान निशा देवी व सचिव सुरेंद्र कुमार और सांडी में बीडीओ एसके त्रिपाठी के साथ कटरी छोछपुर प्रधान सुनील यादव व सचिव राममूर्ति वर्मा, मंसूरपुर प्रधान सुनील अवस्थी व सचिव विकास अगिभनहोत्री, उमरौली हैदर प्रधान राम सागर व सचिव विकास अगिभनहोत्री, छोछपुर प्रधान शिववती व सचिव विकास अगिभनहोत्री और तेरापुरसौली प्रधान उमा देवी व सचिव वीरेंद्र वर्मा को नामित किया गया।
जिलाधिकारी ने आज बुलाई बैठक
नमामि गंगे के तहत आयोजित होने वाली कार्यशाला के लिए जिलाधिकारी ने प्रतिभाग करने वाले ग्राम प्रधान सहित अधिकारियो की भी एक बैठक बुलाई है। संबंधित अधिकारी और प्रधानों की सोमवार को कलेक्ट्रेट में 12 बजे से बैठक आयोजित होगी।