हरदोई। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के पात्रों को कुछ समय के लिए विभाग ने लखपति बना दिया। साफ्टवेयर में गड़बड़ी के चलते कई पात्रों के खाते में निर्धारित धनराशि के स्थान पर डेढ़-डेढ़ लाख रुपये पहुंच गए। पात्रों को तो इसकी जानकारी नहीं हो पाई लेकिन जब विभागीय अधिकारियों ने फंड ट्रांसफर आर्डर की सूची में गड़बड़ी देखी तो धनराशि पर रोक लगा दी गई और आवंटन सही करने के लिए सूची निदेशालय भेज दी गई।
परिवार के मुखिया की मौत होने पर राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में परिवार के भरण पोषण के लिए 30 हजार रुपये की धनराशि मिलती है। चूंकि अब धनराशि का स्थानांतरण पात्र के सीधे खाते में किया जाता है ऐसे में समाज कल्याण विभाग से आए हुए आवेदनों की जांच पड़ताल के बाद पात्रों की सूची निदेशालय भेज दी जाती है। निदेशालय से ही लाभार्थियों को धनराशि का आवंटन किया जाता है। निदेशालय पात्रों के खाते में पीएफएमएस के माध्यम से पैसा ट्रांसफर करता है।
जनपद से करीब 346 पात्रों को लाभान्वित करने के लिए सूची निदेशालय को भेजी गई। निदेशालय ने पात्रों के खाते में धनराशि स्थानांतरित कर जनपद को सूची भेजी। जिसको देखने के बाद अधिकारी से लेकर कर्मचारी भी हैरान हो गए। निदेशालय ने तमाम पात्रों के खाते में 30 हजार रुपये के स्थान पर 1.50 लाख रुपये का स्थानांतरण कर दिया। चूंकि पात्रों को धनराशि स्थानांतरण की जानकारी नहीं हो पाई ऐसे में जिला समाज कल्याण अधिकारी एसएस श्रीवास्तव ने निदेशालय से संपर्क कर धनराशि पर रोक लगवा दी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि धनराशि स्थानांतरण करने में त्रुटि हो गई है। कुछ के खाते में 60 हजार रुपये तो कुछ के खाते में 1.50 लाख रुपये प्रदर्शित हो रहे हैं। बताया कि संशोधन होने के बाद धनावंटन किया जाएगा। तब तक पात्रों को इंतजार करना होगा।