संडीला। लखनऊ-हरदोई मार्ग स्थित औद्योगिक क्षेत्र के फेज-2 में स्थित एक ढाबे के पास बाइक सवार फल दुकानदार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। उसकी मौत हो गई। यह सड़क हादसा कछौना क्षेत्र में हुआ।थाना कछौना के पतसेनी निवासी ऋषभ (23) बाइक से शनिवार की देर शाम संडीला से घर जा रहा था। कछौना क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र के फेज-2 के पास एक ढाबे के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने घायल को सीएचसी संडीला में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने बताया कि उसके पास बाइक नहीं थी। वह किसके साथ व किसकी बाइक से वहां पहुंच गया उसकी जानकारी नहीं है। ऋषभ कछौना में फल बेचने का काम करता था। वह अविवाहित था। कछौना कोतवाल संदीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।