हरदोई। कोरोना संक्रमण में गिरावट के बाद कक्षा नौ से 12 तक और महाविद्यालयों की कक्षाओं में सोमवार (आज) से पठन-पाठन का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। शासन ने इसके लिए गाइडलाइन जारी कर दी हैं।
विद्यालयों को कोविड प्रोटोकॉल के नियमों का पालन करते हुए शिक्षण कक्षाएं संचालित करनी होंगी। विद्यालयों में हेल्प डेस्क अनिवार्य रूप से बनाई जाएगी। छात्रों और शिक्षकों को मास्क, सैनिटाइजर और उचित दूरी बनाकर पठन-पाठन करना होगा।
डीएम अविनाश कुमार ने बताया कि शासन से विद्यालयों में भौतिक कक्षाओं के संचालन के निर्देश प्राप्त हुए हैं। अभी केवल कक्षा नौ से ऊपर की कक्षाएं संचालित की जाएंगी। अग्रिम आदेशों तक कक्षा आठ व इससे नीचे की कक्षाओं पढ़ाई ऑनलाइन पैटर्न पर ही होगी।
उन्होंने बताया कि कोविड संक्रमितों की संख्या एक हजार से कम हो जाने के कारण अब संक्रमण कम्युनिटी लेवल से नीचे आ गया है, इसलिए कोरोना की ए श्रेणी के दौरान बढ़ाए गए प्रतिबंधों को अग्रिम आदेशों तक समाप्त किया जा रहा है।
उधर, डीआईओएस वीके दुबे ने बताया कि सभी विद्यालयों को सोमवार से कक्षा नौ से ऊपर की भौतिक कक्षाएं आरंभ करने के निर्देश दे दिए गए हैं। सभी को विद्यालय में कोविड नियमों का पूर्ण पालन कराने की हिदायत दी गई है।
यदि किसी विद्यालय में कोविड नियमों की अनदेखी की जाती है तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।