शव उठाए जाने के दौरान बदहवास हुई सोनू की मां सीमा देवी को संभालतीं महिलाएं। संवाद
- फोटो : HARDOI
प्रतापनगर। नया गांव बाजार से सब्जी खरीदकर घर जा रहे साइकिल सवार दो दोस्तों को ट्रक ने हरदोई-सीतापुर मार्ग पर कुचल दिया। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। घटना का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर भीड़ लग गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फत्तेपुर निवासी अनुराग (12) ग्राम नया गांव के एक प्राइवेट विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था। सोमवार शाम वह गांव निवासी दोस्त सोनू (13) के साथ नया गांव में लगने वाली साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने के लिए साइकिल से गया था।
सब्जी खरीदने के बाद दोनों एक ही साइकिल से वापस गांव आ रहे थे। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-सीतापुर मार्ग पर नया गांव के निकट ही तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। घटनास्थल पर ही दोनों मासूमों की मौत हो गई। घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस के साथ ही मृतकों के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई।
इसी बीच सीओ सदर एसआर कुशवाहा, बेनीगंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उधर, दूसरी ओर बालकों के परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने किसी तरह परिजनों को संभाला। इसके बाद दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय की शवगृहभेज दिए गए।
दोनों में थी गाढ़ी दोस्ती
अनुराग के पिता सोनेलाल खेती करते हैं। तीन भाई-बहनों में वह सबसे छोटा था। शव देखकर अनुराग की मां रामगुनी बदहवास हो गई तो सोनू की मां सीमा देवी भी बेहोश हो गई।
सोनू भी तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। सोनू के पिता जगतपाल भी खेती करते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक गांव में दोनों के मकान आसपास ही हैं और दोनों के बीच गाढ़ी दोस्ती थी। यहां तक कि जब स्कूल खुलता था तो दोनों एक ही साइकिल से स्कूल जाते थे और कोई भी खेलकूद में एक-दूसरे के बिना शामिल नहीं होते थे।